
चंडीगढ़ के नजदीक हरियाणा के पंचकूला में एक दर्दनाक हादसा हुआ है। पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित सरकारी हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से एक युवक नीचे गिर गया। जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, गिरने के बाद युवक को तत्काल ही इलाज के लिए इमर्जेंसी में ले जाया गया था लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। फिलहाल, इस हादसे की सूचना पुलिस को दी गई है। जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की जांच-पड़ताल की है। मृतक युवक के शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
खाना लेने जा रहा था और बिगड़ गया बैलेंस
जानकारी मिल रही है कि, मृतक युवक कुछ दिन पहले नशा छोड़ने के लिए हॉस्पिटल में भर्ती हुआ था। उसके साथ जिस दौरान यह हादसा हुआ उस दौरान वह तीसरी मंजिल से खाना लेने के लिए जा रहा था। लेकिन इस बीच जब वह नीचे उतरने लगा तो अचानक पता नहीं कैसे उसका बैलेस बिगड़ गया और वह चौथी मंजिल से नीचे सीधा ग्राउंड फ्लोर पर जा गिरा और लहूलुहान हो गया। युवक के नीचे गिरने से मौके पर हड़कंप मच गया। स्टाफ के साथ-साथ आसपास के मरीजों और परिजनों में दहशत फैल गई। मृतक युवक की पहचान देवेंद्र पाल सिंह (35) निवासी गांव नाडा के रूप में बताई जा रही है।

