
लखनऊ। एंटी करप्शन की टीम ने शनिवार शाम बंथरा थाने की हरौनी चौकी प्रभारी (दारोगा) राहुल त्रिपाठी को रंगेहाथ 10 हजार रुपये घूस लेते पकड़ा। पकड़े जाने पर दारोगा ने टीम के सदस्यों को धक्का देकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पकड़ा गया। धक्का मुक्की में दारोगा के सितारे और बैज उखड़ कर जमीन पर गिर गए। टीम नें उन्हें खींचते हुए कार में डाला और पीजीआइ थाने लेकर चली गई।
दारोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार
तीन घंटे तक चली पूछताछ के बाद दारोगा राहुल त्रिपाठी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। दारोगा राहुल त्रिपाठी के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही चौकी पर लोगों की भीड़ जुट गई। बंथरा थाने से पुलिस बल भी पहुंच गया। सीओ लखनऊ सेक्टर डा. अर्चना सिंह ने दारोगा के घूस लेने की पुष्टि की।

