
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से पहले यहां मौजूदा सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। CM एकनाथ शिंदे ने कैबिनेट बैठक के बाद यह ऐलान किया है कि, मुंबई में प्रवेश के दौरान पड़ने वाले सभी 5 टोल बूथों पर हल्के वाहनों से टोल वसूल नहीं किया जाएगा। यानि मुंबई के सभी 5 टोल बूथों पर सभी हल्के वाहन फ्री आ-जा सकेंगे। सीएम ने कहा है कि ये फैसला 14 अक्टूबर की आधी रात से ही लागू हो जाएगा।
मुंबई के कौन से 5 टोल हुए फ्री
महाराष्ट्र में CM एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में अहम कैबिनेट बैठक की गई। जिसमें इस फैसले को मंजूरी दी गई। बैठक में ये फैसला लिया गया कि अब मुंबई आने-जाने वाले किसी भी हल्के वाहन से कोई टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। मुंबई में प्रवेश के दौरान आने वाले सभी 5 टोल बूथ वाशी, मुलुंड, ऐरोली, दहिसर और आनंदनगर हल्के वाहनों के लिए फ्री रहेंगे। किसी भी हल्के वाहन को टैक्स नहीं देना होगा।
यह क्रांतिकारी फैसला
महाराष्ट्र सरकार के एक मंत्री ने कहा कि, महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई में प्रवेश करने वाले सभी हल्के मोटर वाहनों के लिए पूर्ण टोल छूट की घोषणा की है। सरकार कई महीनों से इस पर चर्चा कर रही थी और आज यह क्रांतिकारी फैसला लिया गया है। हल्के वाहनों से आने वाले लोगों का जो समय कतारों में लगने में बर्बाद होता था, वह बचेगा।
मंत्री ने कहा कि, मुंबई में प्रवेश के समय, दहिसर टोल, आनंद नगर टोल, वैशाली, ऐरोली और मुलुंड सहित 5 टोल प्लाजा थे। इन टोल पर 45 रुपये और 75 रुपये वसूले जाते थे। लगभग 3.5 लाख वाहन आते-जाते थे। उनमें से लगभग 70 हजार भारी वाहन थे और 2.80 लाख हल्के वाहन थे।



