
अल्मोड़ा। नए साल के पहले दिन बाबा का आशीर्वाद लेने जागेश्वर जा रहा बरेली का श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिर गया। हादसे में वाहन सवार सात लोग घायल हो गए। इनमें से चार की हालत गंभीर बनी हुई है। सभी को मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, आज सुबह करीब पांच बजे डीसीआर अल्मोड़ा के माध्यम से एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि अल्मोड़ा बाडेछीना क्षेत्र में एक वाहन (यूपी 16 ईके 2368) खाई में गिर गया है, जिसमे रेस्क्यू हेतु एसडीआरएफ टीम की आवश्यकता है। सूचना पर पोस्ट सरियापानी से एसडीआरएफ निरीक्षक राजेशजोशी के नेतृत्व में मय आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों के तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। अर्टिगा कार बरेली से जागेश्वर जा रहा थी, जो अचानक अनियंत्रित होकर 65 मीटर गहरी खाई में गिर गई। कार में 07 लोग सवार थे जिसमें से 02 व्यक्ति स्वयं रोड हैड तक आ गए थे। एसडीआरएफ टीम द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर कार में सवार अन्य व्यक्तियों को स्ट्रेचर के माध्यम से मुख्य सड़क तक लाया गया। तीन व्यक्तियों को हल्की छोटे आयी थी तथा 04 व्यक्ति गंभीर घायल थे। चारों घायल व्यक्तियों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु अल्मोड़ा अस्पताल भेजा गया।






