
दिल्ली में विधानसभा चुनाव-2025 से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा सियासी खेला कर दिया है। पीएम मोदी ने दिल्ली में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को फ्लैट दिए हैं। पीएम ने आज 1,675 नवनिर्मित फ्लैटों के उद्घाटन के साथ इन फ्लैटों की चाबियां झुग्गी-झोपड़ी (जेजे क्लस्टर) में रहने वाले निवासियों को सौंपी। इसी के साथ पीएम मोदी ने सभी लाभार्थियों को बधाई दी।
PM ने पहले फ्लैटों का निरीक्षण किया
झुग्गी-झोपड़ी के निवासियों के लिए ये सभी फ्लैट दिल्ली के अशोक विहार स्थित ‘स्वाभिमान अपार्टमेंट’ के नाम से बनाए गए हैं। ‘जहां झुग्गी, वहां मकान’ (झुग्गी-झोपड़ी पुनर्वास परियोजना) के तहत इन फ्लैटों का निर्माण किया गया है। पीएम ने नवनिर्मित फ्लैटों के उद्घाटन और लाभार्थियों को फ्लैटों की चाबियां सौंपने से पहले खुद स्वाभिमान अपार्टमेंट में फ्लैटों का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत भी की।
वहीं पीएम मोदी ने कहा कि, आज दिल्ली के लिए एक ऐतिहासिक और महतवपूर्ण दिन है, क्योंकि शहर के विकास को गति देने के लिए आवास, बुनियादी ढांचे और शिक्षा में परिवर्तनकारी परियोजनों का शिलान्यास और उद्घाटन किया गया है। ये परियोजनाएं दिल्ली के लोगों के लिए ‘जीवन की सुगमता’ को बढ़ावा देने वाली होंगी। खासकर झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोगों को फ्लैट्स मिलने से उनकी ज़िंदगी बदलेगी।








