
देहरादून, 20 अप्रैल 2025 — डॉ. नित्यानंद ऑडिटोरियम में सामाजिक संस्था गूंज द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम “चौपाल” में शिवालिक एकेडमी के शिक्षकों एवं छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को गूंज संस्था के संस्थापक–निदेशक श्री अंशु गुप्ता व उनकी पत्नी श्रीमती मीनाक्षी गुप्ता (संस्थापक, ग्राम स्वाभिमान) से संवाद का अवसर प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन व कबीर के दोहों से हुआ। श्री गुप्ता ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “बदलाव की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए और घर ही इसका पहला केंद्र होना चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि किसी व्यक्ति का मूल्यांकन केवल उसके पहनावे से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से किया जाना चाहिए।
गूंज संस्था द्वारा अब तक 6.5 करोड़ किलो सामग्री का पुनर्चक्रण किया जा चुका है। संस्था ने इंटर्नशिप व फेलोशिप कार्यक्रमों की भी शुरुआत की है, जिससे स्वयंसेवकों और उनके बच्चों को सामाजिक सेवा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
“चौपाल” में आयोजित हस्तनिर्मित प्रदर्शनी में छात्रों ने देखा कि किस प्रकार अपशिष्ट पदार्थों से उपयोगी व सुंदर सामग्री बनाई जा सकती है, जो आजीविका का भी एक सशक्त माध्यम बन सकती है।
कार्यक्रम में कई समाजसेवियों ने अपने अनुभव साझा किए, जिससे छात्रों में सामाजिक जागरूकता व सेवा भावना को बढ़ावा मिला। शिवालिक एकेडमी की ओर से कार्यक्रम में कोऑर्डिनेटर तानिया त्यागी, शिक्षिकाएँ ऋतु त्यागी, उमा पुंडीर, हंसा बोहरा, रजनी नेगी, एवं छात्र गौरवी, आदित्य, आराध्या, जाह्नवी ,पार्थ उपस्थित रहे।






