
IPL चैंपियन RCB के जश्न के बीच बेंगलुरु में बड़ा दुखद हादसा हो गया है। यहां चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास अचानक भगदड़ मच गई। अब तक 7 से ज्यादा लोगों की मौत होने की खबर मिल रही है और साथ ही कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। बेंगलुरु से विचलित करने वाली कई तस्वीरें सामने आ रहीं हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो सामने आए हैं। RCB के जश्न में शामिल होने के लिए हजारों लोग जुटे हुए थे।
दरअसल, पहली बार IPL 2025 का खिताब जीतने के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में RCB की विक्ट्री रैली आज आयोजित की गई थी। इस दौरान अपनी चैंपियन टीम की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में RCB के फैंस स्टेडियम के पास उमड़ पड़े। मौके की स्थिति यह थी कि फैंस चिन्नास्वामी स्टेडियम की दीवारों और बाड़ों पर चढ़ गए। यहां तक कि वाहनों पर चढ़कर लोग क्रेज़ी होते दिखे। पुलिस के नियंत्रण से भी स्थिति आउट ऑफ कंट्रोल होती दिखी।
अहमदाबाद में खेला गया IPL 2025 फाइनल मैच
एक दिन पहले IPL 2025 18वें सीजन का फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स को जीत के लिए 191 रनों का लक्ष्य दिया। वहीं 191 रन का टारगेट चेज कर रही PBKS 184 रन ही बना सकी। इस तरह RCB ने फाइनल में पंजाब किंग्स को 6 रन से हरा दिया और आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम कर ली। आरसीबी का 18 सालों का सूखा खत्म हो गया।



