
दिनांक 15/16जुलाई 2025 को हरेला पर्व के पावन अवसर पर शिवालिक अकादमी के कक्षा 6 से 11 तक के विद्यार्थियों द्वारा दो विभिन्न स्थलों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पर्यावरणीय पहल का उद्देश्य छात्रों में प्रकृति के प्रति जागरूकता को बढ़ाना और हरियाली को प्रोत्साहित करना रहा।

पहला वृक्षारोपण कार्यक्रम आदर्श प्राथमिक विद्यालय, भाऊवाला में संपन्न हुआ, जहाँ छात्रों ने आंवला, बांस, चीकू, शीशम और आम जैसे फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। यह आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रितु ग्रोवर और शिक्षिकाओं उपासना रावत, पूर्णिमा शर्मा, दीपा सिंह एवं श्री शशांक शर्मा के मार्गदर्शन में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। आदर्श प्राथमिक विद्यालय परिवार द्वारा शिवालिक अकादमी को धन्यवाद पत्र भी भेंट किया गया।
दूसरा वृक्षारोपण कार्यक्रम भगवानपुर स्थित नालेश्वर मंदिर परिसर में आयोजित हुआ, जहाँ स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों ने सक्रिय सहभागिता दिखाई। इस अवसर पर रजनी नेगी, शालिनी जोशी, निवर्तमान ग्राम प्रधान दीपक जोशी, विजय पाल चौहान, विजय वशिष्ठ एवं शिवा भारद्वाज की विशेष उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्रों के प्रयासों की सराहना की।
इस पर्यावरणीय पहल में विद्यालय के शिक्षक राज सायल, गुंजन पंत, हिमानी बिष्ट एवं शम्मी चौहान ने भी सहभागिता निभाई और बच्चों को प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा संरक्षण का संदेश दिया।
हरेला पर्व, उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जो प्रकृति से जुड़ाव और संरक्षण की भावना को मजबूत करता है। शिवालिक अकादमी का यह प्रयास पर्यावरणीय जागरूकता की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम है, जो न केवल वर्तमान पीढ़ी को प्रकृति के प्रति उत्तरदायी बनाता है, बल्कि एक हरित भविष्य की नींव भी रखता है।





