
चंडीगढ़:
बब्बर खालसा इंटरनेशनल (Babbar Khalsa International) आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ करने के कुछ दिनों बाद काउंटर इंटेलिजेंस जालंधर ने उसी मॉड्यूल के दो और गुर्गों को गिरफ्तार किया है. साथ ही उनके पास से एक 86पी हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया है. यह जानकारी पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने दी है. एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि गिरफ्तार लोगों की पहचान विश्वजीत और जैक्सन के रूप में हुई है, जो नकोदर के शंकर इलाके के निवासी हैं.
जानकारी के अनुसार, पंजाब पुलिस ने नवांशहर ग्रेनेड हमले में शामिल होने के आरोप में बब्बर खालसा इंटरनेशनल मॉड्यूल के पांच गुर्गों को गिरफ्तार किया गया था. इनमें रितिक नरोलिया और सोनू कुमार उर्फ काली के साथ तीन किशोर भी शामिल थे. उनके कब्जे से एक 86पी हैंड ग्रेनेड और एक .30 बोर पिस्तौल बरामद की गई थी.
मलेशिया भागने की फिराक में था विश्वजीत
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इन गिरफ्तार आरोपियों के खुलासे के बाद उनके सहयोगी विश्वजीत को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया (जब वह मलेशिया भागने की कोशिश कर रहा था), जबकि उसके साथी जैक्सन को नकोदर से गिरफ्तार किया गया, जिससे उक्त हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ.
डीजीपी ने कहा कि गिरफ्तार सभी आरोपी कनाडा स्थित बीकेआई के मास्टरमाइंड जीशान अख्तर और अजय गिल के निर्देशों पर काम कर रहे थे.




