
अफगानिस्तान में भूकंप से भयानक तबाही मची है। देर रात आए इस भूकंप की रिक्टर स्केल पर तीव्रता 6.3 दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में ही था। जिसके चलते अफगानिस्तान को जाल-माल का भारी नुकसान हुआ। जो रिपोर्ट्स सामने आ रहीं हैं, उनमें बताया जा रहा है कि इस भीषण भूकंप के चलते अफगानिस्तान में कई इमारतों और घर-मकानों को ढहते देखा गया। जिसमें 600 से ज्यादा लोगों की मौत अब तक हो चुकी है और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है।
वहीं इस भयंकर आपदा में 500 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। साथ ही अभी भी लोगों को रेसक्यू करने का काम किया जा रहा है। कई लोग इधर-उधर मलबों में अभी भी दबे हुए हैं और लापता हैं। वहीं अफगानिस्तान में आए भूकंप की वजह से पाकिस्तान और उत्तर भारत के दिल्ली-एनसीआर समेत कई उत्तरी इलाके भी कांप उठे हैं। काबुल से दिल्ली-NCR तक धरती थर्राई है। दिल्ली-NCR में लोगों ने भूकंप के तेज झटके महसूस किए। जिसके बाद लोग डर के मारे अपने घरों से बाहर निकल आए।
अफगानिस्तान में भूकंप के बाद फिर भूकंप
अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता वाले इस भूकंप के बाद भी भूकंप पर भूकंप आए जा रहे हैं। अफगानिस्तान में रात 1 बजकर 8 मिनट के आसपास 4.7 तीव्रता वाला दूसरा भूकंप आया। इसके बाद 1 बजकर 59 मिनट के आसपास 4.3 तीव्रता के भूकंप के झटके लगे। इसके बाद 3 बजकर 3 मिनट के आसपास एक बार फिर 5.0 तीव्रता वाले भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसी तरह सुबह 5 बजकर 16 मिनट के आसपास फिर से 5.0 तीव्रता वाला भूकंप आया। इसके बाद सुबह 8 बजे के करीब फिर से 5.0 तीव्रता वाले भूकंप के झटके लगे।
अफगानिस्तान में जब 2000 लोगों की मौत हुई
बता दें कि, इससे पहले भी अफगानिस्तान में विनाशकारी भूकंप से कई लोग मारे जा चुके हैं। यहां अधिकतर भूकंप आता है और लोगों को मौत के घाट उतार देता है। पिछले कुछ सालों में अफगानिस्तान में भूकंप/प्राकृतिक आपदा का प्रकोप बहुत तेज़ी से बढ़ा है। यानि तालिबान शासित अफगानिस्तान भूकंप की तबाही बार-बार झेल रहा है। याद रहे कि अक्तूबर 2023 में अफगानिस्तान में बहुत भीषण भूकंप आया था। जिसके चलते भारी तबाही हुई थी। भूकंप में लगभग 2000 लोगों की मौत हो गई थी। इस भूकंप की तीव्रता भी 6.3 मापी गई थी।





