

शिवालिक एकेडमी में दिनांक 26 दिसंबर 2025 को प्राइमरी विंग (प्ले ग्रुप से कक्षा पाँच तक) के विद्यार्थियों की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (एनुअल स्पोर्ट्स मीट 2025-26) का अत्यंत हर्षोल्लास, ऊर्जा और अनुशासन के साथ भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कैप्टन अभिषेक असीजा श्रीमती नम्रता असीजा के स्वागत, मशाल प्रज्वलन तथा शपथ ग्रहण समारोह के साथ हुआ।
इस खेल महोत्सव में नन्हे-नन्हे विद्यार्थियों ने फ्लैग रेस, आइसक्रीम कोन चैलेंज रेस, पास थ्रू द हूप, बैलून बैलेंसिंग रेस, लिटिल सांता ऑन द रन, एनिमल सफारी चेज़, कैटरपिलर रेस, फन रेस, टेनिस रैकेट ड्रिबल रेस तथा रिले रेस जैसी अनेक रोचक प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह से भाग लिया।
विशेष आकर्षण के रूप में प्ले ग्रुप से यूकेजी तक के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत जुम्बा समूह नृत्य ने पूरे वातावरण को ऊर्जा, उल्लास और उत्साह से भर दिया। बच्चों के आत्मविश्वास और मुस्कान से सजी प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया तथा खूब तालियाँ बटोरीं।
छोटे छोटे विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट ने भी उनके अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, एकरूपता एवं उत्कृष्ट समूह नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जबकि पी.टी. ड्रिल में बच्चों की शारीरिक स्फूर्ति, एकाग्रता, तालमेल और सामूहिक अनुशासन सराहनीय रहा। कार्यक्रम के दौरान प्रस्तुत कराटे एवं ग्रैपलिंग प्रदर्शन भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे, जिनमें विद्यार्थियों द्वारा किए गए अद्भुत, साहसिक एवं आत्मविश्वास से भरपूर करतबों को देखकर दर्शक दंग रह गए। खेल दिवस में विशेष रूप से नन्हे-मुन्नों की कैटरपिलर रेस और जुम्बा प्रस्तुति सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं।
इस अवसर पर विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी जी ने सभी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के पश्चात विद्यालय चेयरमैन श्री सोमदत्त त्यागी जी, प्रधानाचार्य श्रीमती रजनी त्यागी जी, मुख्य अतिथि कैप्टन अभिषेक असीजा जी, नम्रता असीजा जी प्रधानाचार्य अनुनाद पब्लिक स्कूल श्रीमती सुनीता रावत जी, सहोदय सचिव श्री राणा जी ने विद्यार्थियों के खेल कौशल की प्रशंसा की तथा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन श्री सोमदत्त त्यागी, निदेशक श्री शिवम त्यागी, को ऑर्डिनेटर तान्या त्यागी सहित विद्यालय का समस्त शिक्षकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन और सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

