
सेपियंस विद्यालय, हरबर्टपुर में CBSE(केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) द्वारा शिक्षक क्षमता निर्माण कार्यक्रम के अंतर्गत शिक्षकों के शैक्षणिक कौशल विकास के उद्देश्य से “अधिगम परिणाम एवं शिक्षण पद्धति” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, परिणामोन्मुख एवं छात्र-केंद्रित बनाना रहा।
कार्यशाला की संसाधन व्यक्ति के रूप में श्रीमती अमिता चौधरी, प्रधानाचार्या, आर्यन इंटरनेशनल स्कूल, सहारनपुर तथा श्रीमती आशु राठौर, प्रधानाचार्या, रेनबो स्कूल, सहारनपुर उपस्थित रहीं। दोनों वक्ताओं ने नवीन शिक्षण विधियों, सीखने के अपेक्षित परिणामों तथा कक्षा शिक्षण में पेडागॉजी की भूमिका पर विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस कार्यशाला में 05 विद्यालयों के 57 शिक्षकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में विद्यालय की निदेशिका सुश्री रश्मि गोयल, प्रधानाचार्य (विकासनगर) नवीन तनेजा, प्रधानाचार्या (हरबर्टपुर) श्रीमती गीता नेगी, सीबीएसई समन्वयक आशा गोसाई एवं सीसीए प्रभारी पारुल की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार की ओर से आमंत्रित अतिथि वक्ताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यशाला को प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

