

सेलाकुई (देहरादून)।
दिनांक 20 जनवरी 2026 को दून ग्लोकल स्कूल, जामनपुर, सेलाकुई में विज्ञान प्रदर्शनी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं व्यावहारिक ज्ञान का विकास करना था।
कार्यक्रम में कक्षा 4 से 10 तक के विद्यार्थियों द्वारा विज्ञान पर आधारित विभिन्न मॉडल, प्रोजेक्ट एवं प्रयोग प्रस्तुत किए गए। छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संसाधन, जल संरक्षण, स्वास्थ्य, तकनीक तथा दैनिक जीवन में विज्ञान के उपयोग जैसे विषयों पर आकर्षक मॉडल बनाए। इन मॉडलों के माध्यम से विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक सिद्धांतों को सरल और प्रभावी ढंग से समझाया, जिसे उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों ने सराहा।
इसके साथ ही नर्सरी से कक्षा 3 तक के विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें नृत्य, गीत एवं नाट्य प्रस्तुतियाँ शामिल रहीं। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों में छिपी प्रतिभा, आत्मविश्वास एवं अनुशासन का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्री बी. बी. ध्यानी उपस्थित रहे।
विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर , अन्य गणमान्य अतिथियों में श्री आकिल अहमद (राष्ट्रीय अध्यक्ष, आम इंसान विकास पार्टी), श्री सुमित चौधरी (अध्यक्ष, सेलाकुई नगर पंचायत), श्री कुर्बान अली (सक्रिय समाजसेवी), श्री रफ़ाकत अली (समाजसेवी), हाजी अमजद (अध्यक्ष, पीटीएम एसोसिएशन) एवं श्री मनोज पवार (अध्यक्ष, व्यापार मंडल) उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, विद्यालय के शैक्षिक वातावरण एवं इस प्रकार की रचनात्मक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया गया तथा कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी के सहयोग की प्रशंसा की गई.

