
रामपुर (यूपी)। जिले से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। इसकी चर्चा पूरे इलाके में हो रही है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में शादी के महज कुछ घंटों बाद ही दुल्हन ने बच्ची को जन्म दे दिया। सुहागरात से पहले ही घर में नवजात की किलकारियां गूंज उठीं। इससे न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे गांव को स्तब्ध रह गया। मामला अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव निवासी युवक का रिश्ता बहादुरगंज गांव की युवती से तय हुआ था। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पहले से प्रेम संबंध थे और काफी समय से परिवारों के बीच शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। कुछ दिन पहले युवती अचानक अजीमनगर चौकी पहुंची और युवक से शादी कराने की मांग की थी। इसके बाद ग्राम प्रधान और दोनों परिवारों की मौजूदगी में आपसी सहमति से समझौता हुआ और जल्द ही शादी तय कर दी गई। शनिवार शाम युवक ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ शादी की। देर शाम दुल्हन की विदाई कराकर उसे ससुराल लाया गया। घर में शादी की खुशियां अभी पूरी तरह उतरी भी नहीं थीं कि रात करीब 12 बजे दुल्हन को अचानक तेज पेट दर्द होने लगा। शुरुआत में परिजनों ने इसे थकान या कमजोरी समझा, लेकिन दर्द बढ़ने पर घर में अफरा-तफरी मच गई।

