
AAP Leader Shot Dead: पंजाब में एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है। शुक्रवार सुबह जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में आम आदमी पार्टी (AAP) लीडर लकी ओबेरॉय की हत्या कर दी गई। जानकारी मिल रही है कि सफ़ेद ऐक्टिवा पर सवार होकर आए हथियारबंद 2 बदमाशों ने लकी ओबेरॉय को 8-10 राउंड गोलियां मारीं। वारदात के समय वह अपनी थार SUV कार में थे। गोलियों से थार के शीशे टूटे हैं। वहीं लकी ओबेरॉय को सीने, चेहरे और सिर पर गोलियां लगीं। जिससे लकी ओबेरॉय की मौके पर ही मौत हो गई।

गुरुद्वारे में माथा टेककर जाते समय वारदात
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने सुबह 7:30 बजे के करीब उस वक्त AAP नेता लकी ओबेरॉय पर जानलेवा हमला किया, जब वह मॉडल टाउन में गुरुद्वारे में माथा टेककर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ऐक्टिवा पर सवार बदमाश अचानक मौके पर आए और आते ही ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी। गोलियों के बीच लकी ओबेरॉय ने गाड़ी में बैठे बचने की कोशिश की लेकिन बचना नहीं हो पाया। उन्हें 8-9 राउंड गोलियां लगीं और वह खून से लथपथ हालत में वहीं गिर गए। इधर लकी ओबेरॉय पर हमला कामयाब होने के बाद बदमाश भी मौके से फरार हो गए।
बता दें कि खून से लथपथ हालत में AAP नेता लकी ओबेरॉय को जालंधर के श्री राम हॉस्पिटल ले जाया गया था। लेकिन डॉक्टरों की काफी कोशिशों के बावजूद भी उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। श्री राम हॉस्पिटल के डॉ. विशाल का कहना है, “लकी ओबेरॉय को सुबह करीब 8 बजे यहां लाया गया था। जांच करने पर पता चला कि उन पर 8-9 राउंड गोलियां चलाई गईं। उन्हें CPR दिया गया और वेंटिलेटर पर भी रखा गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।”
पुलिस जांच में जुटी, बदमाश CCTV में कैद
AAP नेता हत्याकांड की सूचना पर मौके पर DCP जालंधर और पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस जांच-पड़ताल और आगामी कार्रवाई कर रही है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ़्तार कर लिया जाएगा। ऐक्टिवा सवार हथियारबंद बदमाश सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। फिलहाल इस वारदात ने इलाके में सनसनी पैदा कर दी है। इस वारदात से यह लगता है कि पंजाब में बदमाशों के हौंसले इतने ज्यादा बुलंद हैं कि राज्य में आम आदमी पार्टी की सरकार होते हुए भी किसी आप नेता की इस तरह से हत्या कर दी जा रही है।

