

शिवालिक एकेडमी में दिनांक 11 अप्रैल को विद्यालय का 34वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रबंधक श्री सोमदत्त त्यागी, प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी, को ऑर्डिनेटर श्रीमती तान्या त्यागी सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने मिलकर विद्यालय की स्थापना 11 अप्रैल 1992 को होने की गौरवशाली स्मृतियों को ताजा किया। इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक स्वर्गीय कुंवर जीत सिंह त्यागी जी को श्रद्धापूर्वक याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। उनके दूरदर्शी नेतृत्व, अथक परिश्रम एवं शिक्षा के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए श्रीमती ऋतु त्यागी जी ने बताया कि उनके द्वारा स्थापित किए गए आदर्श एवं मूल्य आज भी विद्यालय की प्रगति का आधार हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में विद्यालय प्रबंधक, प्रधानाचार्या जी ने विद्यालय की 34 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए इसे सपनों, समर्पण एवं विश्वास का परिणाम बताया तथा साथ ही श्री शेर सिंह जी के 34 वर्षों की मेहनत, लगन तथा कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के वरिष्ठ हिंदी शिक्षक श्री शेर सिंह जी को उनके 34 वर्षों के अतुलनीय योगदान के लिए भावभीनी विदाई दी गई तथा बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल शिक्षा दी, बल्कि उन्हें जीवन के मूल्यों एवं संस्कारों से भी परिचित कराया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक श्री रंजन, श्रीमती रुचि एवं गुंजन पंत ने विद्यालय के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला तथा श्री शेर सिंह जी के विदाई अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कविता के माध्यम से उन्हें भावभीनी विदाई दी। विद्यालय के संगीत शिक्षक अर्श द्वारा बहुत सुंदर विदाई गीत प्रस्तुत किया गया जिसने वहां उपस्थित सभी लोगों को भाव विभोर कर दिया, तत्पश्चात श्री शेर सिंह जी द्वारा अपने 34 वर्षों की यात्रा का वर्णन किया जिससे उपस्थितजन भावुक हो गए।
कार्यक्रम के पश्चात श्रीमती ऋतु त्यागी जी द्वारा विद्यालय की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए तथा श्री शेर सिंह जी के स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

