
जसपुर। भाजपा नेता व पूर्व विधायक प्रत्याशी डॉ. यूनुस चौधरी ने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूरी को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन सेना से लेकर राजनीति तक अनुशासन, ईमानदारी और जनसेवा का अद्भुत उदाहरण रहा है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय खंडूरी जी ने भारतीय सेना में लंबे समय तक सेवा देने के बाद राजनीति में प्रवेश किया और अपनी साफ-सुथरी छवि के दम पर देशभर में अलग पहचान बनाई।
डॉ. यूनुस चौधरी ने बताया कि भुवन चंद्र खंडूरी का जन्म 1 अक्टूबर 1934 को हुआ था। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के माध्यम से सक्रिय राजनीति में कदम रखा और जल्द ही उत्तराखंड की राजनीति के मजबूत स्तंभ बन गए। उनकी कार्यशैली सादगी, अनुशासन और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रवैये के लिए जानी जाती थी।
उन्होंने बताया कि खंडूरी जी दो बार उत्तराखंड के मुख्यमंत्री रहे। पहली बार उन्होंने 7 मार्च 2007 से 23 जून 2009 तक मुख्यमंत्री पद संभाला। इसके बाद दूसरी बार 11 सितंबर 2011 से 13 मार्च 2012 तक उन्होंने प्रदेश का नेतृत्व किया। मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने सुशासन, सड़क विकास और पारदर्शी प्रशासन को प्राथमिकता दी।
डॉ. यूनुस चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय खंडूरी जी का निधन उत्तराखंड की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है और उनका जीवन सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।

