
स्व. हरगोविंद प्रसाद सिंघल खेल मैदान में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ, खिलाड़ियों को समर्पित की गई निजी भूमि
जसपुर। पूर्व विधायक डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल द्वारा अपने स्वर्गीय पिता हरगोविंद प्रसाद सिंघल की स्मृति में खिलाड़ियों के लिए समर्पित किए गए खेल मैदान में आज वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन खेल विभाग के चेयरमैन महेश नेगी ने किया। इससे पहले खेल मंत्री सौरभ बहुगुणाभी यहां विभिन्न खेल सुविधाओं का उद्घाटन कर चुके हैं।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल ने कहा कि जसपुर के खिलाड़ियों की खेलों के प्रति लगन और उत्साह को देखते हुए उन्होंने अपनी निजी भूमि खिलाड़ियों के नाम समर्पित करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उनके स्वर्गीय पिता का सपना था कि जसपुर के बच्चे खेलों में आगे बढ़कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन करें, और इसी उद्देश्य को आगे बढ़ाने के लिए यह पहल की गई है।
कार्यक्रम के दौरान बालक एवं बालिका वर्ग की 200 मीटर दौड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इसी मैदान में बास्केटबॉल ग्राउंड का भी उद्घाटन किया जा चुका है।
कार्यक्रम में विशेष रूप से आर्मी से सेवानिवृत्त जवानों के लिए भी दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। सभी पूर्व सैनिकों के प्रदर्शन पर मैदान में मौजूद दर्शकों एवं मुख्य अतिथियों ने खड़े होकर तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर निकेश अग्रवाल, हरिओम सिंह, सन्नी, जुम्मा ठेकेदार, नफीस अहमद, रायपुर प्रधान दिलशाद हुसैन, पुष्पेंद्र मोहन सिंघल, प्रदीप गोयल, तरुण गहलोत, सेवानिवृत्त सैनिक सुधीर मुंशी, सिद्धार्थ मोहन सिंघल, शरद गोयल, चौधरी ब्रजवीर, केवल संधू सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
खिलाड़ियों को मिल रहा बेहतर मंच
स्थानीय लोगों का मानना है कि डॉ. शैलेंद्र मोहन सिंघल द्वारा खेलों के विकास के लिए उठाया गया यह कदम क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा।

