


‘भाजपा राज में मछलियाँ अंदर, मगरमच्छ बाहर’ – गणेश गोदियाल
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों, महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और महिलाओं की असुरक्षा जैसे मुद्दों को जनता तक पहुंचाने के लिए ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ का ऐलान किया है। यह कार्यक्रम मुख्य रूप से पर्वतीय क्षेत्रों की विधानसभा सीटों पर आयोजित किया जाएगा।
आज प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने विस्तार से कार्यक्रम की रूपरेखा बताई।
कार्यक्रम की रूपरेखा
प्रीतम सिंह ने बताया कि चार जोनों में यह सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। हर विधानसभा में कार्यकर्ता सम्मेलन, जनसभा, संवाद और धरना-प्रदर्शन का आयोजन होगा। वरिष्ठ नेता हरीश रावत और यशपाल आर्य किसी भी जोन में शामिल हो सकते हैं।
• जोन-1 (प्रभारी: गणेश गोदियाल): 28 जून से 2 जुलाई तक। शामिल सीटें: चम्पावत, लोहाघाट, पिथौरागढ़, डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट, बागेश्वर, कपकोट। अन्य सदस्य: मयूख महर, हरीश धामी, खुशाल सिंह अधिकारी।
• जोन-2 (प्रभारी: डॉ. हरक सिंह रावत): 28 जून से 7 जुलाई तक। शामिल सीटें: यमकेश्वर, कोटद्वार, लैंसडाउन, चौबट्टाखाल, श्रीनगर, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, केदारनाथ, बद्रीनाथ, थराली, कर्णप्रयाग। अन्य सदस्य: सुरेंद्र सिंह नेगी, शूरवीर सिंह सजवान, लखपत सिंह बुटोला, जीत राम, मनोज रावत।
• जोन-3 (प्रभारी: प्रीतम सिंह): 28 जून से 7 जुलाई तक। शामिल सीटें: पुरोला, यमुनोत्री, गंगोत्री, प्रतापनगर, घनसाली, टिहरी, नरेन्द्रनगर, देवप्रयाग, धनौल्टी। अन्य सदस्य: भुवन कापड़ी, विक्रम सिंह नेगी।
• जोन-4 (प्रभारी: करन माहरा): 29 जून से 9 जुलाई तक। शामिल सीटें: हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूँगी, भीमताल, नैनीताल, रामनगर, जागेश्वर, अल्मोड़ा, सोमेश्वर, द्वाराहाट, रानीखेत, सल्ट। अन्य सदस्य: गोविंद सिंह कुंजवाल, मनोज तिवारी, मदन बिष्ट, सुमित हृयदेश।
गणेश गोदियाल का हमला
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, “व्यभिचारी-दुराचारी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। प्रदेश के हर संसाधन पर भाजपा से जुड़े लोगों का कब्जा है। खनन पट्टे और क्रशर उन्हीं लोगों के पास हैं जो भाजपा को समर्थन देते हैं, जबकि विरोध करने वालों के पट्टे छीन लिए जाते हैं।”
उन्होंने पत्रकारों से अपील की कि वे सरकार की असलियत जनता के सामने लाने में मदद करें। छोटे भ्रष्टाचारियों को बलि का बकरा बनाए जाने पर सवाल उठाते हुए गोदियाल ने कहा कि बड़े मछलियों का नाम उजागर होना चाहिए।
महेंद्र भट्ट पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा नेताओं से ही सवाल पूछेगी, विपक्ष को धमकाना उचित नहीं है।
आगे की योजना
कार्यक्रम फिलहाल पर्वतीय क्षेत्रों के लिए तय किया गया है। आने वाले समय में मैदानी क्षेत्रों (ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, विकासनगर आदि) में भी ऐसे सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, राजेंद्र भंडारी, नवीन जोशी, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर, सुनीत राठौड़ सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

