


17 जुलाई। प्रकृति एवं उत्तराखंड की समृद्ध संस्कृति को समर्पित लोकपर्व हरेला दूसरे दिन भी उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
विशंभर शरण वैदिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य स्वतंत्र मिश्रा ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के अनुसार विद्यालय में पूरे सप्ताह हरेला पर्व के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में दूसरे दिन भी विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया।
वहीं सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रधानाचार्य नवीन चंद्र शर्मा ने बताया कि हरेला पर्व के अवसर पर विद्यालय में दूसरे दिन भी पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हरेला पर्व के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।
विद्यालयों के प्रधानाचार्यों ने विद्यार्थियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हरेला पर्व केवल एक लोकपर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का जनसंदेश भी है।


