


बागेश्वर। जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला के प्रधानाचार्य 56 वर्षीय दयानंद टम्टा की स्कूल जाते समय चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय लोगों में शोक एवं आक्रोश का माहौल है।
मृतक दयानंद टम्टा, पुत्र स्वर्गीय गिरीश प्रसाद टम्टा, तहसील रोड बागेश्वर के निवासी थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हाल ही में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में उसी विद्यालय में स्थानांतरित होकर आए नवल किशोर सोराड़ी, निवासी लमगड़ा (अल्मोड़ा), ने कथित रूप से पीछे से उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रधानाचार्य ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हत्या के पीछे के कारणों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है।
यह घटना पूरे बागेश्वर जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा आधिकारिक जानकारी का ही अनुसरण करने की अपील की है।

