


जसपुर, 6 अगस्त। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में बुधवार को विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ अनुसूचित आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण एवं जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत ने बताया कि शिविर में कुल 965 मरीजों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही आवश्यक चिकित्सीय जांचें पूरी तरह निःशुल्क की गईं। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजन के लिए दिव्यांग प्रमाण पत्र भी बनाए गए।
शिविर में भाजपा नेता राजकुमार चौहान भी उपस्थित रहे और उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए इस जनहितकारी आयोजन की सराहना की।
विशेषज्ञ चिकित्सकों में चिकित्सा अधीक्षक एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. राजीव पुनेठा, ईएनटी सर्जन डॉ. प्रियाक चौहान, डॉ. वीरेंद्र मिश्र, फिजिशियन डॉ. कीर्ति मेहरा, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. धनेश्वरी खेतपाल तथा डॉ. आशु सिंघल सहित स्वास्थ्य विभाग के साजिद, राहुल, ए.बी. भट्ट, नसीम एवं शिवम सहित अन्य चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र के लोगों को एक ही स्थान पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध हुईं, जिससे बड़ी संख्या में मरीजों ने लाभ उठाया।

