


शिवालिक अकादमी के कक्षा VII के विद्यार्थियों के लिए वन अनुसंधान संस्थान (एफ.आर.आई.), देहरादून का शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया गया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने एफ.आर.आई. संग्रहालय का अवलोकन किया तथा वनों, जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं। विद्यार्थियों ने संग्रहालय में प्रदर्शित विभिन्न नमूनों को देखा, गाइड से जानकारी प्राप्त की और व्यावहारिक रूप से सीखने का अवसर मिला। उन्होंने एफ.आर.आई. के सुंदर, हरे-भरे परिसर और ऐतिहासिक भवन की भव्यता का भी आनंद लिया।
इस शैक्षिक भ्रमण में शिक्षिकाएँ संतोषी, शबनम खान, इशिता, मृणाल कौर एवं शिवानी नकोटी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं। उन्होंने पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया तथा उनकी सुरक्षा और अनुशासन का विशेष ध्यान रखा। संग्रहालय में श्री ब्रिंतक समद्दार जी ने विद्यार्थियों को विभिन्न प्रदर्शों की रोचक एवं सरल ढंग से जानकारी दी, जिससे बच्चों ने विषय को आसानी से समझा और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान हुआ।
प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी जी ने बताया कि नई शिक्षा नीति के अनुसार बच्चे केवल पुस्तकों से ही नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष अनुभव और अवलोकन के माध्यम से भी बेहतर सीखते हैं। इसी उद्देश्य से विद्यालय समय-समय पर ऐसे शैक्षिक भ्रमण एवं गतिविधियों का आयोजन करता रहता है, ताकि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास हो सके।
यह शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक रहा। इस अवसर ने उनमें प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता तथा प्रकृति को निकट से समझने की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया।

