


जसपुर। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर के अंतिम दिन भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ की ओर से शिविर में सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित किया गया। प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को पटका पहनाकर तथा पौधा भेंट कर उनके योगदान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. धीरेन्द्र गहलौत ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ एवं भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के चिकित्सा शिविरों से क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होती हैं।
कार्यक्रम में भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक डॉ. सुदेश कुमार, जिला संयोजक डॉ. पुनीत बंसल, जिला सह-संयोजक डॉ. हरविंद्र सिंह सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जसपुर के चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहे।
शिविर के दौरान मरीजों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। अंतिम दिन चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान के साथ शिविर का समापन किया गया।

