



शिवालिक एकेडमी में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी जी के आगमन से हुआ, जिनका एनसीसी कैडेट्स द्वारा ससम्मान स्वागत एवं एस्कॉर्ट किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया श्रीमती रजनी त्यागी जी, कोऑर्डिनेटर तान्या त्यागी, मेघा पुन, स्वाति शर्मा, शम्मी चौहान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान से पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना से गूँज उठा। एनसीसी कैडेट्स ने अनुशासित एवं जोशीला मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
नन्हे विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में रंग भर दिया। कक्षा प्ले ग्रुप के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रतीकों एवं राष्ट्रीय ध्वज की सुंदर प्रस्तुति दी। कक्षा एक के विद्यार्थियों ने ‘भारत प्यारा देश हमारा’ समूहगान प्रस्तुत किया, जबकि कक्षा दो के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली स्किट प्रस्तुत की। एल.के.जी एवं यू.के.जी. के विद्यार्थियों ने मनमोहक समूह नृत्य तथा ‘सारे जहाँ से अच्छा’ समूहगान प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कक्षा पांचवीं के अंजन एवं लक्ष्य ने अंग्रेजी भाषण के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखे। कक्षा तीन से पांचवीं के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत समूहगान प्रस्तुत किया। कक्षा नवीं की यशस्वी ने हिंदी भाषण तथा कक्षा आठवीं की सानवी डिमरी ने देशभक्ति कविता प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भावपूर्ण बना दिया।
कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों ने नृत्य एवं अभिनय की शानदार प्रस्तुति दी। कक्षा नवीं से ग्यारहवीं के विद्यार्थियों ने समूहगान प्रस्तुत किया, वहीं छात्राओं के समूह ने मनमोहक समूह नृत्य के माध्यम से देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्या महोदया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों तथा देश की प्रगति में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का समापन एनसीसी कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत ‘वंदे मातरम्’ से हुआ। इसके पश्चात श्रीमती गुंजन पंत द्वारा आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय प्रधानाचार्या, शिक्षकगण, सहयोगी स्टाफ, एनसीसी कैडेट्स एवं सभी विद्यार्थियों के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम का कुशलपूर्वक संचालन विद्यालय छात्राओं श्रद्धा तथा किरण द्वारा किया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर विद्यार्थियों के एक समूह ने भूतपूर्व सैनिकों के प्रति कृतज्ञता एवं सम्मान की भावना व्यक्त करने के लिए शहीद स्मारक, सेलाकुई का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने देश की स्वतंत्रता एवं सुरक्षा में अपना अमूल्य योगदान देने वाले वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएँ श्रीमती शम्मी चौहान एवं श्रीमती ऋतु त्यागी विद्यार्थियों के साथ उपस्थित रहीं और उन्हें राष्ट्रसेवा एवं सैनिकों के त्याग के महत्व से अवगत कराया।
पूरा समारोह राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, एकता और उत्साह से परिपूर्ण रहा तथा विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यह संदेश दिया कि देशभक्ति केवल शब्दों तक सीमित नहीं, बल्कि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने की भावना है।

