



विकासनगर में देर रात एक कार अचानक नहर में जा समाई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया. हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और रातभर सर्च ऑपरेशन चलाया गया. नहर के तेज बहाव और अंधेरे के बीच कार और उसमें सवार लोगों की तलाश की गई, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है.
विकासनगर : उत्तराखंड के विकासनगर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां के पुल नंबर दो के पास मंगलवार देर रात एक कार शक्ति नहर में समा गई. जब इस बारे में पुलिस को एक वीडियो से पता लगा तो देर रात ही सर्च अभियान शुरू कर दिया गया. मगर कई घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. अभी तक ये पता नहीं चल सका है कि कार में कितने लोग थे और कौन सी कार थी. हालांकि, नहर किनारे गाड़ी गिरने के निशान मौजूद हैं. इसी को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम लगातार नहर में सर्च अभियान चला रही है. इधर, डाकपत्थर क्षेत्र से एक युवक भी लापता है. युवक के परिवार से जानकारी जुटा जा रही है.

