


मसूरी। लगातार हो रही बारिश के बीच त्यूणी-चकराता-मसूरी-बाटाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए पर बुधवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। डिमटा बैंड के पास सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसके चलते कैम्पटी-यमुना ब्रिज मार्ग पर दोनों ओर से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। मार्ग बंद होने से मसूरी और यमुना घाटी के बीच संपर्क प्रभावित हुआ है।
सड़क क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलते ही कैम्पटी पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। थानाध्यक्ष कैम्पटी योगेंद्र सिंह गुसाईं ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि फिलहाल मसूरी से यमुना ब्रिज की ओर जाने का प्रयास न करें। वहीं, यमुना घाटी की ओर से मसूरी आने वाले वाहन चालकों को भी इस मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि मार्ग के संबंध में आधिकारिक सूचना जारी होने तक वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क के आसपास जाने से बचने की अपील की गई है। मार्ग बंद होने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, एनएच-707 ए के अधिशासी अभियंता (ईई) विपुल सैनी ने बताया कि डिमटा बैंड के पास सड़क का बड़ा हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुआ है। विभाग की टीम मौके का निरीक्षण करेगी। उन्होंने बताया कि पहाड़ की तरफ से कटिंग कर सड़क को वैकल्पिक तरीके से तैयार करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि यातायात को जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
फिलहाल मार्ग की स्थिति गंभीर बनी हुई है। प्रशासन और एनएच विभाग की ओर से सड़क को खोलने के प्रयास किए जा रहे हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे बिना आधिकारिक सूचना के बंद मार्ग पर जाने का प्रयास न करें और सुरक्षित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें।

