


शिवालिक एकेडमी में प्ले ग्रुप से कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए यूनिट टेस्ट के पश्चात अभिभावक-शिक्षक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन, व्यवहार एवं अन्य गतिविधियों में उनकी प्रगति के संबंध में अभिभावकों को जानकारी देना तथा उनके बेहतर विकास के लिए शिक्षक एवं अभिभावकों के बीच संवाद स्थापित करना था।
इस अवसर पर शिक्षकों ने अभिभावकों से विद्यार्थियों की विषयवार प्रगति, नियमितता, कक्षा में सहभागिता एवं व्यवहार को लेकर चर्चा की। विद्यार्थियों की कमियों को दूर करने तथा उनकी अच्छी आदतों को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए गए। प्राथमिक कक्षाओं में बच्चों के सीखने, व्यवहार एवं रचनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की गई, जबकि वरिष्ठ कक्षाओं में विषयवार प्रदर्शन एवं आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया।
अभिभावक-शिक्षक बैठक के साथ विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच शिविर का भी आयोजन किया गया। यह शिविर स्वस्ति केयर मेडिकल सेंटर एवं लैबक्वेस्ट डायग्नोस्टिक्स के सहयोग से आयोजित किया गया। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य जाँच के साथ हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर एवं ब्लड ग्रुप की निःशुल्क जाँच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाया।
शिविर में कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं जिनमें
डॉ. पुनीत त्यागी – सामान्य, लेज़र एवं दूरबीन द्वारा शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ,डॉ. स्तुति त्यागी – वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ,डॉ. अनिल सिंह – सामान्य चिकित्सक उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जाँच करवाने का संदेश भी दिया गया।

