



शिवालिक अकादमी में विद्यार्थियों के ज्ञान, निर्णय क्षमता, तार्किक सोच एवं टीम भावना को विकसित करने के उद्देश्य से इंटर-हाउस विज्ञान एवं सामान्य ज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों अरावली, सतपुड़ा, शिवालिक एवं विंध्या ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता को चार रोचक एवं चुनौतीपूर्ण चरणों में विभाजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की विज्ञान, सामान्य ज्ञान, अवलोकन क्षमता, त्वरित सोच एवं तार्किक क्षमता का परीक्षण किया गया। अरावली एवं शिवालिक सदन के बीच हुआ रोमांचक टाई-ब्रेकर प्रतियोगिता का विशेष आकर्षण रहा।
प्रतियोगिता में सतपुड़ा सदन ने प्रथम, शिवालिक सदन ने द्वितीय तथा अरावली सदन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी जी तथा विद्यालय को-ऑर्डिनेटर श्रीमती स्वाति शर्मा ने विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के ज्ञान में वृद्धि करने के साथ-साथ उनकी तार्किक एवं निर्णय लेने की क्षमता को भी विकसित करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को आगे भी इसी प्रकार उत्साहपूर्वक भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में विद्यालय शिक्षिका इशिता एवं मेघा पुन ने क्विज मास्टर की भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यालय की शिक्षिका शिम्टी द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के समापन पर सभी प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की गई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, आत्मविश्वास, ज्ञान एवं टीम भावना को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण कार्य किया।
इस अवसर पर तान्या त्यागी, स्वाति शर्मा, शम्मी चौहान, संतोषी, हिमानी एवं रंजन सहित चारों सदनों के हाउस मास्टर्स शबनम खान, मीनू सिंह, निधि पुरोहित एवं रुचि उनियाल उपस्थित रहे।
