




29 एवं 30 अगस्त 2026 को सेपियन्स स्कूल, हर्बर्टपुर में आयोजित ओ.के.जी.के.एस. जिला कराटे चैंपियनशिप 2026 में शिवालिक एकेडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 33 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन Okinawa Koshiki Goju Ryu Karate Do Seito Sakamoto Shirenkan, Uttarakhand द्वारा किया गया।
प्रतियोगिता में शिवालिक एकेडमी के खिलाड़ियों ने विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। खिलाड़ियों ने 10 स्वर्ण, 9 रजत एवं 14 कांस्य पदक जीतकर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में शिवान्या थापा ने काता एवं कुमिते में स्वर्ण तथा टीम काता में रजत पदक प्राप्त किया। अनिकेत कुँवर ने काता और कुमिते में स्वर्ण तथा टीम काता में रजत पदक हासिल किया। आस्तिक चौहान ने काता, कुमिते एवं टीम काता में तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। अनुभव श्रीवास्तव ने काता तथा आयुष कुमार दास एवं अखिल रावत ने कुमिते में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त शौर्य ध्यानी, उद्गम शर्मा, हार्दिक सिंह एवं लवकुश शर्मा ने रजत एवं कांस्य पदक हासिल किए। अभिषेक कुमार, गौरव बोरा एवं सृजन शर्मा ने रजत पदक प्राप्त किया। वहीं सार्थक राणा, नक्ष शर्मा, ईशांत, अनुराग ठाकुर, लक्ष्मी सेमवाल, अनुष्का कोटियाल, कार्तिक कुमार, अंशुल कुमार एवं सैमुअल ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
विद्यालय के खिलाड़ियों की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर विद्यालय प्रधानाचार्य श्रीमती रजनी त्यागी जी ने कोच बिट्टू क्षेत्री तथा सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, एकाग्रता और खेल भावना का विकास करती हैं।
