Screenshot





जन्माष्टमी पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भजनों पर झूमे हजारों श्रद्धालु
सेलाकुई। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर सेलाकुई स्थित राजा खाटू नरेश के मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
इस दौरान प्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा प्रस्तुत किए गए भजनों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा मंदिर परिसर गूंज उठा। छोटे-बड़े सभी श्रद्धालुओं में भगवान श्रीकृष्ण और खाटू श्याम बाबा के प्रति गहरी आस्था देखने को मिली।
जन्माष्टमी की रात जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति और भी बढ़ती गई। हर तरफ भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु नजर आए। बड़ी संख्या में भक्त देर रात तक मंदिर में मौजूद रहे और भगवान के दर्शन व भजनों का आनंद लेते रहे।
रात करीब 12:30 बजे तक मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमी रही। जन्माष्टमी का यह भव्य आयोजन सेलाकुई क्षेत्र में आस्था और भक्ति का प्रमुख केंद्र बना रहा।
