


जसपुर। विकासखंड जसपुर के उप प्रधान संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप प्रधानों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान संगठन की ओर से 11 सूत्रीय मांगों का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक के बाद उप प्रधान संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने खंड विकास अधिकारी, जसपुर को 11 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में उप प्रधानों के लिए बैठने की उचित व्यवस्था किए जाने, ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्यों में उप प्रधानों की सहभागिता सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों से संबंधित जानकारी उप प्रधानों को उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही।
इसके अलावा विकास कार्यों के चयन की प्रक्रिया में उप प्रधानों को जानकारी देने, ग्राम पंचायत की बैठकों की सूचना समय पर उपलब्ध कराने, ग्राम पंचायतों में मनरेगा के कार्यों की जानकारी उप प्रधानों को देने तथा ग्राम पंचायतों में गठित विभिन्न समितियों का पुनर्गठन किए जाने की मांग भी उठाई गई।
संगठन ने कहा कि ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों में उप प्रधानों की भूमिका महत्वपूर्ण है। इसलिए उन्हें विकास कार्यों और पंचायत से संबंधित गतिविधियों की समुचित जानकारी एवं सहभागिता का अवसर दिया जाना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने वालों में उप प्रधान संगठन के अध्यक्ष शेर सिंह, वीरेंद्र सिंह, मोहम्मद शानिब, चेतन चौहान, सुमित सिंह, मोहम्मद अजीम, जसवंती देवी, नुसरत अली, प्रीति रानी सहित बड़ी संख्या में उप प्रधान मौजूद रहे।
