


देहरादून। उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक 25 सितंबर की रात से प्रदेश में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है, जो अगले कई दिनों तक अलग-अलग इलाकों में जारी रह सकता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 25 सितंबर को उत्तराखंड में भारी बारिश, जबकि 26 सितंबर को अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 27 सितंबर को भी प्रदेश में बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इसके साथ ही कई स्थानों पर गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 सितंबर को भी प्रदेश में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके बाद 29 सितंबर से मौसम में कुछ राहत मिलने के संकेत हैं।
पहाड़ों में बढ़ सकती है परेशानी
लगातार बारिश के चलते पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क मार्गों पर मलबा आने, भूस्खलन और यातायात प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
देहरादून के लिए भी 26 और 27 सितंबर को गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का पूर्वानुमान है।
यानी आज रात से शुरू होने वाला बारिश का दौर 26 सितंबर को ज्यादा तीव्र हो सकता है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
