


विकासनगर/सैलाकुई। कश्यप समाज की एकता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक गौरव को समर्पित 18वां राष्ट्रीय अधिवेशन 3 एवं 4 अक्टूबर 2026 को सैलाकुई स्थित चौधरी फार्म हाउस में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का विषय “राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक गौरव” रखा गया है।
कार्यक्रम के आयोजक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कश्यप के नेतृत्व में होने वाले इस अधिवेशन में देशभर से कश्यप समाज से जुड़े प्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है। कार्यक्रम के बैनर के अनुसार अधिवेशन अखिल भारतीय आदिवासी कश्यप कहार निषाद भाई केवट कोली धीवर समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
अधिवेशन में सामाजिक एकता, समाज के संगठनात्मक विस्तार, सांस्कृतिक विरासत तथा समाज से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी निषाद, साध्वी निरंजन ज्योति सहित कई प्रमुख अतिथियों के नाम बैनर पर अंकित हैं।
आयोजकों द्वारा अधिवेशन को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। दो दिवसीय कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाने और आपसी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
