




शिवालिक एकेडमी के खिलाड़ियों ने उत्तराखंड राज्य जू-जित्सु चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। जू-जित्सु एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड द्वारा 10 एवं 11 अक्टूबर 2026 को श्री मनोज सरकार स्टेडियम, रुद्रपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में आदित्य राणा ने अंडर-14 वर्ग की ने-वाज़ा स्पर्धा में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं, वेदांश काला ने अंडर-12 वर्ग की ने-वाज़ा स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा फाइटिंग सिस्टम में रजत पदक जीतकर दोहरी सफलता हासिल की।
इसके अतिरिक्त, विवेक कुमार ने अंडर-12 वर्ग की ने-वाज़ा स्पर्धा में रजत पदक प्राप्त किया। मोहम्मद जै़द ने अंडर-13 वर्ग, दिव्यांश सिंह ने अंडर-14 वर्ग तथा सर्वजोत रवि ने अंडर-16 वर्ग की ने-वाज़ा स्पर्धाओं में कांस्य पदक जीतकर विद्यालय की उपलब्धियों में चार चाँद लगाए।
वहीं, अक्ष भंडारी एवं आकाश नेगी ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर सहभागिता प्रमाण-पत्र प्राप्त किए।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय प्रधानाचार्य श्रीमती रजनी त्यागी जी ने प्रसन्नता व्यक्त की और सभी खिलाड़ियों को उनकी मेहनत, लगन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी। यह सफलता विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना का परिचायक है।
