


युवा लेखक कवि सतपाल ने सूचना अधिकारी वीरेश्वर तोमर को भेंट की ‘पूरा केदार दर्शन’ पुस्तक
प्रकाशन से पूर्व मिला था मार्गदर्शन, अगले संस्करण में सभी जनपदों के आपातकालीन संपर्क सूत्र शामिल करने का सुझाव
देहरादून। रुद्रप्रयाग जनपद के युवा लेखक एवं कवि सतपाल ने सूचना भवन, देहरादून में सूचना एवं लोकसंपर्क विभाग, उत्तराखंड सरकार के सूचना अधिकारी (निदेशालय) वीरेश्वर तोमर से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें अपनी पुस्तक ‘पूरा केदार दर्शन’ भेंट की। वीरेश्वर तोमर पूर्व में रुद्रप्रयाग के जिला सूचना अधिकारी रह चुके हैं। पुस्तक के प्रकाशन से पूर्व भी उन्होंने इसके संबंध में कवि सतपाल को महत्त्वपूर्ण मार्गदर्शन प्रदान किया था। वर्तमान मुलाकात के दौरान पुस्तक की विषयवस्तु, उपयोगिता और आगामी संस्करण को और अधिक उपयोगी बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई।
वीरेश्वर तोमर ने पुस्तक तैयार करने में किए गए परिश्रम की सराहना करते हुए इसे एक सार्थक एवं महत्त्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि ‘पूरा केदार दर्शन’ देश-विदेश से केदारभूमि आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी मार्गदर्शिका सिद्ध हो सकती है। पुस्तक में धार्मिक स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक सौंदर्य, लोक संस्कृति और धार्मिक पर्यटन से संबंधित जानकारियों का समावेश सराहनीय है।
मुलाकात के दौरान पुस्तक के आगामी संस्करण को और अधिक उपयोगी बनाने के लिए वीरेश्वर तोमर ने सुझाव दिया कि उत्तराखंड के सभी जनपदों के आपातकालीन संपर्क सूत्रों को भी पुस्तक में शामिल किया जाए। इससे प्रदेश के विभिन्न जनपदों में आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवश्यकता पड़ने पर संबंधित सहायता सेवाओं से संपर्क करने में सुविधा मिल सकेगी। यह सुझाव पुस्तक को अधिक व्यावहारिक एवं जनोपयोगी बनाने की दिशा में महत्त्वपूर्ण माना जा रहा है।
रुद्रप्रयाग में अपने कार्यकाल के दौरान वीरेश्वर तोमर ने जनपद की लोक संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को नजदीक से देखा है। उन्होंने ‘पूरा केदार दर्शन’ को केदारभूमि की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विशेषताओं को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने वाला महत्त्वपूर्ण प्रयास बताते हुए कवि सतपाल को शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कवि सतपाल ने वीरेश्वर तोमर द्वारा पुस्तक प्रकाशन से पूर्व दिए गए मार्गदर्शन एवं वर्तमान में प्राप्त उपयोगी सुझावों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जनपद रुद्रप्रयाग का सौभाग्य रहा है कि यहां सदैव कार्यशील, दूरदृष्टि रखने वाले और जनहित के प्रति समर्पित अधिकारियों का मार्गदर्शन मिलता रहा है। ऐसे अधिकारियों के अनुभव और सकारात्मक सुझाव युवाओं को रचनात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करने के साथ ही जनपद की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कवि सतपाल ने बताया कि ‘पूरा केदार दर्शन’ पुस्तक का उद्देश्य केदारभूमि की आस्था, संस्कृति, इतिहास, प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी महत्त्वपूर्ण जानकारियों को एक स्थान पर उपलब्ध कराना है, ताकि श्रद्धालु यात्रा की बेहतर योजना बनाने के साथ-साथ क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से भी परिचित हो सकें।
