



हल्द्वानी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता को बताया जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम, ‘सबके राम’ की अवधारणा पर भी रखे विचार
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी के रामपुर रोड स्थित विंटेज ग्रीन में आयोजित कार्यक्रम में समाचार पोर्टल एनकेबी टाइम्स का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पोर्टल की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वस्थ लोकतंत्र के लिए निष्पक्ष, सकारात्मक और जिम्मेदार पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता समाज को जागरूक करने के साथ ही जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। पत्रकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की समस्याओं को सामने लाकर उनके समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि एनकेबी टाइम्स जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देगा और पत्रकारिता के मूल्यों को आगे बढ़ाने में अपना योगदान देगा।
‘सबके राम’ की अवधारणा मानवता और सामाजिक एकता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सबके राम’ की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान श्रीराम किसी एक धर्म, जाति या वर्ग तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उनके आदर्श संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। भारतीय संस्कृति में भगवान श्रीराम को मर्यादा पुरुषोत्तम, आदर्श राजा और मानवीय मूल्यों का प्रतीक माना गया है। उनका जीवन त्याग, संयम, साहस, सहयोग, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 22 जनवरी 2024 को अयोध्या में श्रीराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अवसर पर भगवान श्रीराम को ऊर्जा, समाधान और अनंतकाल का प्रतीक बताया था। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज में एकता और सद्भाव की भावना को मजबूत करते हैं। अयोध्या से रामेश्वरम तक भगवान श्रीराम से जुड़ी आस्था और परंपराएं देश की सांस्कृतिक एकता को सुदृढ़ करती हैं। ‘सबके राम’ का भाव समाज को जोड़ने, परस्पर सम्मान और मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर श्री नमन कृष्ण महाराज ने भी भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और उनके आध्यात्मिक महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, सरिता आर्या एवं राजेश शुक्ला, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, शंकर कोरंगा, नवीन वर्मा, भावना मेहरा एवं रेणु अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा एनकेबी टाइम्स के निदेशक आदित्य सिसौदिया, सिद्धार्थ सिसौदिया, आशुतोष सिंह एवं गणेश जोशी, कुमाऊं मंडलायुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
