



नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध चुने गए कैबिनेट मंत्री, आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों सहित कई राष्ट्रीय संस्थानों का करेंगे प्रतिनिधित्व
देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष डॉ. धन सिंह रावत को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी जिम्मेदारी मिली है। उन्हें भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद पर नॉर्दर्न रीजन से निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। इस उपलब्धि के साथ उत्तराखंड को पहली बार संगठन के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पद पर नेतृत्व करने का अवसर मिला है।
डॉ. रावत का निर्वाचन उनके संगठनात्मक अनुभव, कार्यशैली और स्काउट-गाइड आंदोलन के प्रति सक्रिय योगदान का परिणाम माना जा रहा है। नॉर्दर्न रीजन से उनका निर्विरोध निर्वाचन राष्ट्रीय संगठन में उत्तराखंड की बढ़ती भागीदारी और मजबूत उपस्थिति को भी दर्शाता है।
नॉर्दर्न रीजन में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय समिति, नॉर्दर्न रेलवे, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे का भी इस क्षेत्र में प्रतिनिधित्व है। ऐसे व्यापक क्षेत्र से निर्विरोध चुना जाना डॉ. रावत के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के प्रादेशिक अध्यक्ष के रूप में डॉ. धन सिंह रावत ने प्रदेश में स्काउट-गाइड गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं। उनके प्रयासों से राजकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में स्काउट-गाइड इकाइयों के गठन, गतिविधियों के विस्तार और युवाओं की भागीदारी को प्रोत्साहन मिला है।
उन्होंने स्काउट-गाइड आंदोलन के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, सेवा-भाव, नेतृत्व क्षमता, देशभक्ति और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया है। इसके साथ ही साहसिक गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े अभियानों को भी बढ़ावा दिया गया है। संगठन के प्रति उनके योगदान को देखते हुए उन्हें भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सर्वोच्च राष्ट्रीय सम्मान ‘सिल्वर एलीफेंट अवार्ड’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने पर डॉ. धन सिंह रावत ने इसे गौरव के साथ बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के स्काउट-गाइड परिवार और प्रदेशवासियों को समर्पित है। स्काउटिंग युवाओं में अनुशासन, एकता, सेवा-भाव और देशभक्ति की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में स्काउट-गाइड गतिविधियों के विस्तार और संगठन को अधिक प्रभावी बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
डॉ. रावत के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष निर्वाचित होने को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। इससे प्रदेश में स्काउट-गाइड आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ ही संगठनात्मक गतिविधियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
