



हरिद्वार, ऋषिकेश और शारदा कॉरिडोर के विकास पर जोर, हजारों लोगों को मिलेगा रोजगार
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की महत्वपूर्ण अवसंरचनात्मक परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और नई परियोजनाओं को जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में उनकी अध्यक्षता में उत्तराखंड निवेश और आधारभूत संरचना विकास बोर्ड (यूआईआईडीबी) की पांचवीं बैठक आयोजित हुई। इसमें हरिद्वार गंगा कॉरिडोर, ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर और शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर सहित विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माणाधीन परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और नई परियोजनाओं की आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर जल्द काम शुरू किया जाए। उन्होंने कहा कि आगामी एक माह के भीतर कुछ परियोजनाओं के कार्य धरातल पर दिखाई देने चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास परियोजनाओं में संबंधित क्षेत्रों की स्थानीय संस्कृति, धार्मिक आस्था, प्राकृतिक महत्व और विशिष्ट पहचान का विशेष ध्यान रखा जाए। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी विकसित होंगे।
बैठक में बताया गया कि हरिद्वार गंगा कॉरिडोर के तहत 3,297 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 495 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। प्रशासनिक मार्ग का 75 प्रतिशत, हरकी पैड़ी के उत्तरी क्षेत्र का 70 प्रतिशत, हरकी पैड़ी एवं सुभाष घाट के पुनर्विकास का 50 प्रतिशत और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का 45 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। मां मनसा देवी और मां चंडी देवी मंदिरों के पहुंच मार्गों का क्रमशः 55 और 50 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। इन प्रमुख कार्यों को दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं, सतीकुंड के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत कार्य पूरा हुआ है, जिसे अप्रैल 2027 तक पूर्ण किया जाएगा।
ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर के तहत 3,456 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 274 करोड़ रुपये की परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं। जानकी झूला के समीप एकीकृत कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का 39 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जिसे जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है। इसके अलावा 115.07 करोड़ रुपये से त्रिवेणी घाट का विकास, 35.78 करोड़ रुपये से आस्था पथ का सौंदर्यीकरण और 32.28 करोड़ रुपये से चंद्रभागा पैदल पुल का निर्माण किया जा रहा है। शिवपुरी और नीम बीच क्षेत्र में राफ्टिंग एवं पर्यटक सुविधाओं का भी विकास किया जा रहा है।
शारदा रिवरफ्रंट कॉरिडोर के अंतर्गत 1,526 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें 340.49 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। 85.23 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए जा रहे पारिस्थितिक कॉरिडोर का 75 प्रतिशत, 184.20 करोड़ रुपये की लागत से शारदा घाट के पुनर्विकास का 30 प्रतिशत और 66.49 करोड़ रुपये की शहरी जल निकासी योजना के प्रथम चरण का 13 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। टनकपुर बस टर्मिनल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।
अधिकारियों ने बताया कि तीनों कॉरिडोर के तहत कुल 8,279 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रस्तावित हैं, जिनमें लगभग 1,109 करोड़ रुपये की परियोजनाएं क्रियान्वयन के चरण में हैं। इनसे 21 से 27 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 45 से 53 हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने का अनुमान है।
बैठक में श्रीनगर-बेलकेदार क्षेत्र में लगभग 72 हेक्टेयर भूमि पर आध्यात्मिक आर्थिक क्षेत्र विकसित करने की योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। इसके अलावा साहसिक पर्यटन के सुरक्षित विकास, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, निजी निवेश को प्रोत्साहन और परियोजनाओं की प्रभावी निगरानी से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रदीप बत्रा, अवस्थापना अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष विश्वास डाबर, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव रविनाथ रमन, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, स्थानिक आयुक्त अजय मिश्रा सहित संबंधित विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।
