

विदाई समारोह – “लाइट्स, कैमरा और गुडबाय”
विद्यालय में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जिसकी थीम “लाइट्स, कैमरा और गुडबाय” रखी गई। यह आयोजन कक्षा 11 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों से सराबोर रहा।
समारोह की शुरुआत विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई, जो ज्ञान और उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक था। इसके पश्चात कक्षा 11 के छात्रों ने अलग-अलग गीतों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे पूरे माहौल में उत्साह भर गया।
विद्यार्थियों के मनोरंजन हेतु रोमांचक खेलों का आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा 12 के छात्रों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। समारोह के विशेष क्षणों में हेड बॉय अक्षत चंद्रवान और हेड गर्ल रिमझिम यादव ने अपने भावनात्मक संभाषण के माध्यम से अपने अनुभवों को साझा किया। इसके साथ ही, प्रियंका भट्ट और श्रेया देवशाली ने एक भावनात्मक कविता प्रस्तुत की, जिसने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को भावुक कर दिया।
इस कार्यक्रम के अंत में मिस्टर और मिस शिवालिक की घोषणा की गई, जिसमें दिवस डबराल को मिस्टर शिवालिक और रिमझिम यादव को मिस शिवालिक चुना गया। यह क्षण सभी विद्यार्थियों के लिए बेहद खास और यादगार रहा।
समारोह के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या महोदया ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। कक्षा 11 के विद्यार्थियों ने धन्यवाद ज्ञापन किया और फिर सभी ने डांस और स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया।
यह आयोजन न केवल स्मृतियों में संजोने योग्य रहा, बल्कि यह कक्षा 12 के विद्यार्थियों के लिए उनके विद्यालय जीवन की सबसे खूबसूरत विदाई बन गई।









