
- चंडीगढ़ में खाकी बदनाम हुई है। केंद्रीय जांच एजेंसी CBIने चंडीगढ़ पुलिस (Chandigarh Police) के एक सब-इंस्पेक्टर (SI) और असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर (ASI) को 10 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। रिश्वत के आरोपी सब-इंस्पेक्टर की पोस्टिंग 17 थाने में बताई जा रही है। वहीं आरोपी असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर पीओ सेल में तैनात बताया जा रहा है।
शिकायतकर्ता को धमकी दी, 1 लाख रुपये मांगे
सीबीआई को आरोपी असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ शिकायत मिली थी। जिसमें शिकायतकर्ता को धमकी देने और उससे 1 लाख रुपये रिश्वत मांगने की बात सामने आई। एएसआई ने शिकायतकर्ता से ये एक लाख रूपए एक शिकायत बंद करने और शिकायतकर्ता के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने के एवज में मांगे। इसके बाद शिकायतकर्ता के साथ रिश्वत की राशि की बातचीत पर 40,000 में समझौता हुआ। जिसमें से 10 हजार की पहली राशि शिकायतकर्ता द्वारा एएसआई को जब दी गई तो सीबीआई ने उसे धर लिया।
CBI ने बिछा रखा था जाल
आरोपी असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ने के लिए सीबीआई ने पूरी प्लानिंग के साथ जाल बिछाया और आरोपी एएसआई को रुपये की 10,000 रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इसके बाद, आगे की ट्रैप कार्यवाही के दौरान उक्त एसआई को भी उक्त रिश्वत राशि लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। फिलहाल सीबीआई अब दोनों के चंडीगढ़ और मोहाली में स्थित आवासीय परिसरों की तलाशी ले रही है।





