
देहरादून : शहर के बीचो-बीच घंटा घर में घड़ी का सामान चोरी के मामले में लापरवाही बरतने पर एसएसपी में धारा चौकी इंचार्ज को लाइन हाजिर किया था जिनको अब बहाल कर दिया गया है। जांच में उनकी कोई लापरवाही सामने नहीं आई है।
आयुक्त नगर निगम और क्षेत्राधिकारी नगर की संयुक्त निरीक्षण में घंटाघर के टॉवर में क्षतिग्रस्त सामान की सच्चाई सामने आई। घंटाघर की घटना पर आयुक्त नगर निगम, क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा फोरेंसिक टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान घंटाघर नियंत्रण कक्ष के डबल लॉक सही पाए गये। घड़ी और ड लाइट के तारों का कटा होना प्रकाश में आया। मौके पर सभी कीमती उपकरण सुरक्षित पाए गये। चोरी और जबरन प्रवेश के कोई साक्ष्य नहीं मिले।
प्रथम दृष्टिया नियंत्रण कक्ष की चाबी के रखरखाव में बरती गयी लापरवाही के संबंध में अपने स्तर से विभागीय जांच करने के लिए पुलिस ने नगर निगम से पत्राचार किया। प्रकरण के संबंध में क्षेत्राधिकारी नगर द्वारा दी गई जांच रिपोर्ट में चौकी प्रभारी धारा की लापरवाही न पाए जाने पर उन्हें वापस चौकी भेजा गया।
बता देने कि बीते दिन अधिशासी अभियंता नगर निगम देहरादून द्वारा घंटाघर में स्थापित मोटर एवं फ्लड लाइट की तारों को क्षतिग्रस्त करने के संबंध में अभियोग दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र पर कोतवाली नगर पर अभियोग पंजीकृत किया गया।




