
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर भारतीय सेना और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जानकारी मिल रही है कि किश्तवाड़ के सिंगपोरा इलाके में सेना और आतंकियों में मुठभेड़ चल रही है। सेना के इस ऑपरेशन में जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल जवान भी संयुक्त रूप से शामिल हैं। संभावना जताई जा रही है कि जिन आतंकियों की घेराबंदी की गई है, वे पाकिस्तानी जैश-ए-मोहम्मद समूह के आतंकी हैं। फिलहाल ताबड़तोड़ गोलीबारी जारी है। आतंकियों की हर गोली का सेना की तरफ से मुंहतोड़ जवाब दिया जा रहा है। जल्द ही सेना को इस ऑपरेशन में कामयाबी मिलेगी। अपडेट का इंतजार है।
आतंकियो की हलचल पर भारतीय सेना की पैनी नजर
बता दें कि पहलगाम हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में आतंकियो की हलचल पर भारतीय सेना की बहुत पैनी नजर है। आतंकियो को उनके नापाक मंसूबों के साथ ही कुचल दिया जा रहा है। लेकिन आतंकी अपनी नापाक हरकतों से फिर भी बाज नहीं आ रहे। हालांकि हमारी सेना भी इन्हें हर बार सबक सिखाने के तैयार है। दरअसल आतंकियों का मकसद है कि, सेना और सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए घाटी को दहलाया जाए और फिर भारत के अन्य हिस्सों में घुसकर दहशत फैलाई जाए। लेकिन सेना के जवान आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए उनके इरादों को नाकाम कर दे रहे हैं।
