
अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में एक अनोखा मामला सामने आया है. यहां हाथरस जिले के सिकंद्राराऊ इलाके में रहने वाले एक युवक को पुलिस ने शादी के दिन दुल्हन के घर पहुंचने से ठीक पहले गिरफ्तार कर लिया. दूल्हे को शराब के ठेके में हुई चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया. जैसे ही दूल्हे के गिरफ्तार होने की जानकारी लड़की पक्ष के लोगों को हुई तो उन्होंने लड़के वालों ने दूल्हे के बड़े भाई से दुल्हन का निकाह कर दिया. फैसल की शादी 11 सितंबर को अलीगढ़ शहर के रोरावार थाना क्षेत्र के अंतर्गत भोजपुर इलाके में होनी थी. शादी की लगभग सारी रस्में में पूरी हो चुकी थी. सोमवार देर शाम बारात हाथरस के सिकंद्राराऊ से अलीगढ़ के लिए निकली थी, जैसे ही बारात हाथरस की सीमा को क्रॉस करते हुए अलीगढ़ जिला के एटा मार्ग पर टोल प्लाजा पर पहुंची तो पुलिस ने बारात को रोक लिया. इसके बाद पुलिस दूल्हा बने फैसल को पकड़ कर अकराबाद थाने पर ले गई.
दूल्हे पर चोरी का आरोप
जब दुल्हे की गिरफ्तारी की जानकारी बारातियों को हुई तो थाने पर कई घंटे तक बारातियों का जमावड़ा लग गया. वहीं इस दौरान पुलिस अपनी कार्रवाई करने में जुटी रही. पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले अकराबाद थाना क्षेत्र के कासिमपुर में एक शराब के ठेके और कैंटीन का ताला तोड़कर 35 पेटी शराब और अन्य सामान चोरी कर बदमाश मौके से फरार हो गए थे. इस दौरान पुलिस ने मौके से एक बाइक और मोबाइल बरामद किया था, तभी से पुलिस इस घटना का खुलासा करने में जुटी थी.
