
चेन लुटेरों को पकड़ने के लिए दबिश पर उत्तराखंड पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम पर ज्वालापुर में फाइनेंस कंपनी के एजेंटों ने हमला कर दिया। एजेंटों ने कार की ईएमआई जमा न करने का हवाला देते हुए पुलिस टीम की कार छीनने का प्रयास किया। जब नाकाम होने लगे तो साथियों को बुलाकर पुलिसकर्मियों पर हमला कर डाला। पुलिस कर्मियों ने अपनी सरकारी पिस्टल दिखा कर जान बचाई। हमले में 02 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दिल्ली पुलिस के एक एएसआई ने हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी है। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।





