
उत्तराखंड में मानसून पूरी तरह से एक्टिव होता दिख रहा है।मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के मुताबिक, इस वर्ष मॉनसून सीजन में 6 फीसदी अधिक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज पहाड़ों से लेकर मैदान तक हल्की बौछार पड़ने की संभावना जताई है। देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने और तीव्र वर्षा के दौर होने का अनुमान है। हालांकि, देहरादून में देर रात से हो रही बारिश से तापमान में गिरावट आई है। आगामी 29 जून तक प्रदेश भर में बारिश होने की संभावना है।
राजधानी देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों और अधिकांश जिलों में मंगलवार सुबह से ही बादल मंडरा रहे हैं। हल्की से मध्यम बारिश का दौर भी जारी है। देहरादून में देर रात से हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में भी कमी आई है। पहाड़ों में बारिश ने दुश्वारियां बढ़ा दी है। जगह-जगह भूस्खलन होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं चार धाम यात्रा करने वाले तीर्थयात्रियों को भी काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।



