विविध

पंखे के फंदे से लटकी मिली महिला जज की डेड बॉडी मचा हड़कंप

उत्तर प्रदेश के बदायूं से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां एक महिला सिविल जज (जूनियर डिवीजन) ने आत्महत्या कर ली। सरकारी आवास में महिला जज की डेड बॉडी पंखे पर फंदे से लटकती मिली है। महिला जज की उम्र अभी करीब 30 साल थी। नाम ज्योत्सना राय बताया जा रहा है। ज्योत्सना राय मूल रूप से जनपद मऊ की रहने वाली थीं। वह बदायूं में सिविल जज जूनियर डिविजन के पद पर 29 अप्रैल 2023 से तैनात थीं। इससे पूर्व राय अयोध्या में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर कार्यरत रह चुकी थीं।

पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची

शनिवार सुबह जब ज्योत्सना राय कोर्ट में समय से नहीं पहुंची तो इस दौरान कोर्ट में मौजूद उनके अन्य अधिकारियों ने उन्हें फोन लगाया। लेकिन ज्योत्सना राय ने फोन नहीं उठाया। कई बार फोन करने पर जब ज्योत्सना राय से किसी की बात नहीं हो पाई तो उनके सरकारी आवास पर उनकी तलाश की गई लेकिन ज्योत्सना राय ने अपने आवास पर दरवाजा नहीं खोला। जिसके बाद हड़कंप मच गया और सूचना पुलिस को दी गई।

इधर मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई तो देखा कि जज ज्योत्सना राय अपने बेडरूम के बगल वाले कमरे में फांसी की फंदे पर लटक रहीं थीं। एक जज को इस हालत में देख मौके पर सब के सब हैरान रह गए। इसके बाद पुलिस द्वारा ज्योत्सना राय की डेड बॉडी फंदे से नीचे उतारी गई और अस्पताल ले जाई गई।

पुलिस जांच कर रही

महिला जज का केस होने के चलते पुलिस-प्रशासनिक और न्यायिक आलाधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। ज्योत्सना राय ने आत्महत्या क्यों की? इसकी जांच की जा रही है। पुलिस महिला जज की मौत की गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है। आलाधिकारियों ने आवास से घटना के संबंध में कई चीजें जुटाई हैं। पुलिस का कहना है कि, गहन से गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *