
विकासनगर में एसपी देहात ने बुधवार को कोतवाली विकासनगर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर, कार्यालय, मालखाना, बैरक, मैस और अभिलेखों की गहन समीक्षा की गई। एसपी देहात ने मालखाने में रखे मुकदमाती और लावारिस माल के शीघ्र निस्तारण के साथ ही मोटर वाहन अधिनियम से जुड़े प्रकरणों और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाने में उपलब्ध सरकारी संपत्ति, शस्त्रों और आपदा उपकरणों की भी जांच की गई, जिनका रखरखाव संतोषजनक पाया गया। कर्मचारियों से शस्त्र खोलने-जोड़ने का अभ्यास कराया गया और उन्हें नियमित प्रशिक्षण जारी रखने के निर्देश दिए गए।
एसपी देहात ने सभी विवेचकों को ऑनलाइन पोर्टलों और सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अपराध नियंत्रण, विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने को कहा। वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, गैर-जमानती वारंटों के निष्पादन और एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई को और तेज करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया गया।

