
शिवालिक एकेडमी में दिनांक 9 जुलाई 2025 को इंटर हाउस फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन बड़े ही उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों — शिवालिक, सतपुड़ा, अरावली और विंध्या — ने भाग लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों का मन मोह लिया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला शिवालिक हाउस और सतपुड़ा हाउस के मध्य खेला गया, जिसमें सतपुड़ा हाउस ने शानदार खेल दिखाते हुए 1-0 से जीत दर्ज की। सतपुड़ा हाउस की ओर से अभिनव बर्थ्वाल ने निर्णायक गोल कर टीम को विजय दिलाई।
दूसरा मुकाबला विंध्य हाउस और अरावली हाउस के बीच खेला गया, जो बेहद ही रोमांचक और संघर्षपूर्ण रहा। निर्धारित समय तक स्कोर बराबरी पर रहा, जिसके बाद निर्णय पेनल्टी शूटआउट के माध्यम से किया गया, जिसमें विंध्या हाउस ने 5-4 से जीत हासिल की।
सेमीफाइनल मुकाबला शिवालिक हाउस और अरावली हाउस के बीच खेला गया, जिसमें अरावली हाउस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 5-1 से जीत दर्ज की और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
फाइनल मुकाबला विंध्या हाउस और सतपुड़ा हाउस के बीच हुआ, जो कि टूर्नामेंट का सबसे रोमांचक मैच रहा। दोनों ही टीमों ने जबरदस्त खेल का प्रदर्शन किया। सभी हाउस के खिलाड़ियों द्वारा शानदार प्रदर्शन किया गया व टूर्नामेंट में विंध्या हाउस ने 6-2 से शानदार जीत दर्ज कर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सतपुड़ा हाउस द्वारा द्वितीय स्थान प्राप्त किया गया।
इस अवसर पर शिवालिक एकेडमी के चेयरमैन श्री सोंमदत्त त्यागी, डायरेक्टर श्री शिवम त्यागी, , प्रधानाचार्या श्रीमती रजनी त्यागी एवं कोऑर्डिनेटर श्रीमती तान्या त्यागी ने सभी खिलाड़ियों को उनकी कड़ी मेहनत, टीम भावना और खेल कौशल के लिए हार्दिक बधाई दी और भविष्य में और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।


इस टूर्नामेंट को सफल बनाने में फुटबॉल कोच शिवा चौहान, अनिल तड़ियाल, बिट्टू विशान छेत्री, शम्मी चौहान, अंकिता सिंह, रंजन थपलियाल का विशेष सहयोग रहा। इनके प्रशिक्षण व मार्गदर्शन ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन को और भी निखारा।
यह आयोजन न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास का माध्यम बना, बल्कि उनमें सहयोग, अनुशासन, नेतृत्व और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को भी प्रोत्साहित करने वाला साबित हुआ।





