
शिवालिक एकेडमी में खेल सप्ताह की शुरुआत इंटर हाउस खो-खो प्रतियोगिता से हुई, जिसमें कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, सहयोग एवं प्रतिस्पर्धात्मक दृष्टिकोण को बढ़ावा देना रहा।
कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अद्भुत फुर्ती, जोश और टीम भावना का प्रदर्शन किया। कड़े मुकाबले में विंध्या हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सतपुड़ा हाउस द्वितीय और अरावली हाउस तृतीय स्थान पर रहा। कनिष्ठ वर्ग की बालिकाओं की प्रतियोगिता भी अत्यंत रोमांचक रही, जिसमें शिवालिक हाउस ने उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय देते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, सतपुड़ा हाउस द्वितीय तथा विंध्या हाउस तृतीय स्थान पर रही।
वरिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएँ भी उत्साह और प्रतिस्पर्धा से भरपूर रहीं। वरिष्ठ वर्ग के छात्रों की खो-खो प्रतियोगिता में अरावली हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, विंध्या हाउस द्वितीय और सतपुड़ा हाउस तृतीय स्थान पर रहे। वहीं वरिष्ठ वर्ग की बालिकाओं की प्रतियोगिता में सतपुड़ा हाउस ने अपने बेहतरीन समन्वय और कौशल के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अरावली हाउस द्वितीय और विंध्या हाउस तृतीय स्थान पर रही।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में खेल अध्यापक अनिल तरियाल, अन्य शिक्षकों की भूमिका सराहनीय रही। इस अवसर ने विद्यार्थियों में टीम भावना, अनुशासन और खेलों के प्रति रुचि को और अधिक सुदृढ़ किया।
प्रधानाचार्य महोदय ने सभी विजेता टीमों को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की और विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।




